कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मौसम ने करवट ले ली है और लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। राज्य के कई हिस्सों में कहीं मूसलाधार तो कहीं रुक-रुक कर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम में यह बदलाव शुक्रवार से ही दिखाई देने लगा था। हालांकि दिन में गर्मी बनी रही, लेकिन शाम की बारिश ने लोगों को कुछ राहत दी। शनिवार सुबह से ही राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में जारी हुआ रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान में शुक्रवार दोपहर बाद तेज तूफान और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वी मिदनापुर, पूर्वी बर्धमान, हुगली और हावड़ा के पश्चिमी हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में शनिवार को तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
रविवार से हल्की बारिश, लेकिन फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार से कुछ जिलों में हल्की और अल्पकालिक बारिश हो सकती है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश और तूफान की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगेंगी। इसके बाद राज्य में तापमान बढ़ने की संभावना है। अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मानसून आने से पहले दक्षिण और उत्तर बंगाल दोनों हिस्सों में गर्मी का असर फिर तेज हो सकता है।
समुद्र में तूफानी हालात, मछुआरों को चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में समुद्री हालात फिलहाल अशांत बने हुए हैं। पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट के आसपास समुद्र में ऊंची लहरें उठने और खराब मौसम की संभावना है। तूफान की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 24 घंटे तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
उत्तर बंगाल में भी बढ़ेगा तापमान
उत्तर बंगाल के कई जिलों में आने वाले दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं मालदा और दिनाजपुर में तेज हवाओं के साथ तूफान की आशंका जताई गई है, जहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ अल्पकालिक भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है।