कोलकाता: कोलकाता की लाइफलाइन माने जाने वाले न्यू गड़िया-एयरपोर्ट मेट्रो रूट का अटका हुआ काम आखिरकार शुरू होने जा रहा है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल के आश्वासन के अनुसार, 15 मई (शुक्रवार) रात 8 बजे से चिंगड़ीघाटा मोड़ पर मेट्रो विस्तार का काम शुरू कर दिया गया है।
दो चरणों में होगा काम, ट्रैफिक पर पड़ेगा असर
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, यह काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसके दौरान ईएम बाईपास पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी:
पहला चरण: शुक्रवार (15 मई) से सोमवार (18 मई) तक।
दूसरा चरण: अगले शुक्रवार (22 मई) से सोमवार (25 मई) तक।
यातायात निर्देश: काम के दौरान शुक्रवार, शनिवार और रविवार को रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक ईएम बाईपास के उत्तर और दक्षिण मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा। हालांकि, चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर खुला रहेगा, जिससे साल्टलेक, सेक्टर फाइव और न्यूटाउन जाने वाले यात्रियों को असुविधा नहीं होगी।
दशहरा या क्रिसमस तक मिल सकती है सौगात
चिंगड़ीघाटा में महज 316 वर्ग मीटर हिस्से के काम को लेकर लंबे समय से कानूनी पेंच फंसा था, जो सुप्रीम कोर्ट तक गया था। पिछली सरकार से अनुमति न मिलने के कारण काम रुका हुआ था, लेकिन अब रास्ता साफ हो गया है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो इस साल दुर्गा पूजा या क्रिसमस तक न्यू गड़िया से सेक्टर फाइव होते हुए सीधे एयरपोर्ट तक मेट्रो सेवा शुरू हो सकती है।
वर्तमान में मेट्रो बेलेघाटा तक चल रही है। इस नए हिस्से के जुड़ने से चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग के भारी ट्रैफिक से यात्रियों को मुक्ति मिलेगी और साल्टलेक-न्यूटाउन से एयरपोर्ट की दूरी मिनटों में तय हो सकेगी।