कोलकाता: 'सई जाल' मामले की जांच के तहत मंगलवार दोपहर सीआईडी की एक विशेष टीम पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास तक पहुंची। लगभग 17 अधिकारियों की यह टीम 30 बी हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित तृणमूल कार्यालय में तलाशी के लिए पहुंची। अधिकारियों के पास आवश्यक पत्र भी मौजूद था, लेकिन उस समय ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के दिल्ली में होने के कारण अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
गेट पर तृणमूल नेता ने रोका सीआईडी को
पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के गेट पर पूर्व सांसद और बेहाला पूर्व विधानसभा क्षेत्र के पराजित तृणमूल उम्मीदवार शुभाशिस चक्रवर्ती मौजूद रहे। उन्होंने खुद को तृणमूल कार्यकर्ता और स्वयंसेवक बताते हुए कहा कि जब तक ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी दिल्ली से वापस नहीं आते, तब तक किसी को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सीआईडी और तृणमूल नेता के बीच तीखी बहस
इस दौरान सीआईडी अधिकारियों और शुभाशिस चक्रवर्ती के बीच तीखी बहस देखने को मिली। अधिकारियों ने बताया कि उनके पास अभिषेक बनर्जी का पत्र है, इसलिए कानूनी रूप से उन्हें रोका नहीं जा सकता और यह जांच में बाधा माना जाएगा। वहीं तृणमूल नेता ने कहा कि वह केवल जिम्मेदारी निभा रहे हैं और जब तक दोनों नेता मौजूद नहीं हैं, तब तक तलाशी की अनुमति नहीं दी जा सकती।
सख्त रुख में सीआईडी, मौके पर केंद्रीय बल तैनात
सीआईडी अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि तलाशी के लिए किसी अतिरिक्त अनुमति की आवश्यकता नहीं है और उनके पास वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद रोक-टोक जारी रहने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया।
आवास के बाहर तनाव, घेराबंदी जारी
ताज़ा जानकारी के अनुसार, सीआईडी अधिकारी अभी भी हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर मौजूद हैं और ममता बनर्जी के आवास को घेरे हुए हैं। दूसरी ओर तृणमूल नेता गेट पर डटे हुए हैं, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, कामरहाटी के विधायक मदन मित्रा के भी मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
शुभाशिस चक्रवर्ती का बयान
इस पूरे घटनाक्रम पर शुभाशिस चक्रवर्ती ने कहा कि,'अभिषेक बनर्जी को पत्र दिया गया है और तलाशी के लिए अधिकारी आए हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में मैं किसी को अंदर नहीं जाने दे सकता। मैं स्वयंसेवक के रूप में यहां हूं। मैंने किसी जांच में बाधा नहीं डाली है। मेरा अनुरोध है कि सीआईडी दो दिन बाद आए।'