कोलकाता - पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले आधिकारिक जिला दौरे पर दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर पहुंचे सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस प्रशासन और उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों के साथ की अहम बैठक
शनिवार को आयोजित इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धिनाथ गुप्ता और मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और राजनीतिक हिंसा से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस पर हमला अब नहीं होगा बर्दाश्त
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों से ही नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। सुवेंदु अधिकारी ने आमडंगा और आसनसोल की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यदि पुलिस निष्क्रिय रही तो वे खुद थानों में बैठकर कार्रवाई करवाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि “पुलिस मार खाए, यह बात मेरे कानों तक नहीं आनी चाहिए।”
महिला सुरक्षा पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए हर अनुमंडल में महिला थाना और सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
लंबित मामलों की दोबारा होगी जांच
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस को राजनीतिक हिंसा से जुड़े पुराने लंबित मामलों की फाइलें दोबारा खोलने और तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा गौ-तस्करी पर रोक, धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नियमों के पालन और थानों के डिजिटलीकरण पर भी जोर दिया गया।