कोलकाता - पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस दौरान राज्य के मुखिया सुवेंदु अधिकारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे लंबे समय तक देश का नेतृत्व कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है और उनकी नीतियों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
मेट्रो और वंदे भारत से बढ़ी कनेक्टिविटी
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, कोलकाता में मेट्रो सेवा के विस्तार से लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिली है। साथ ही उन्होंने वंदे भारत ट्रेन को राज्य और देश के लिए तेज, आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा का बड़ा साधन बताया। उन्होंने यह भी कहा कि कल्याणी स्थित AIIMS Kalyani में बेहतर इलाज सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है।
किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने केंद्र की मोदी सरकार की किसान और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत करीब 54 लाख किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा उन्होंने यह भी दावा किया कि “लखपति दीदी” योजना के माध्यम से लगभग 3 लाख महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं।
आवास योजना पर बड़ा दावा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में लोगों को घर मिले हैं। उनके अनुसार लगभग 40 लाख घरों का लाभ लोगों तक पहुंचाया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को राहत मिली है। शुभेंदु अधिकारी के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा जहां इसे विकास की तस्वीर बता रही है, वहीं विपक्षी दल इन दावों पर सवाल उठा रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए गए मुद्दों से साफ है कि आगामी राजनीतिक माहौल में विकास योजनाएं और केंद्र बनाम राज्य की बहस और तेज होने वाली है।