कोलकाता - पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता ने आगे दावा किया है कि घटना के दौरान न तो किसी ने कल्याण बनर्जी को धक्का दिया और न ही उन पर कोई हमला हुआ।
उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता दिलीप घोष ने अपने बयान में आगे कहा कि, सबने देखा कि उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। वे केवल ड्रामा कर रहे हैं। उनका ड्रामा हमने सदन में भी देखा है और अब विभिन्न जगहों पर भी देख रहे हैं। ऐसे व्यक्ति को कोई गंभीरता से नहीं लेता।
सावधानी बरतनी चाहिए
उन्होंने आगे कहा कि, कल्याण बनर्जी लंबे समय से राजनीति और वकालत से जुड़े रहे हैं, लेकिन उनके व्यवहार को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती रही हैं। दिलीप घोष के अनुसार, जनता के बीच भी उन्हें लेकर नाराजगी है और उन्हें अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।
मैं कपिल सिब्बल को बंगाल आने का निमंत्रण देता हूं
राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिबल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा, "मैं कपिल सिब्बल को बंगाल आने का निमंत्रण देता हूं। वे यहां सड़क किनारे बैठकर चाय पिएं और देखें कि राज्य में कितना बदलाव आया है। कल्याण बनर्जी को लेकर दिए गए इस बयान ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया है। हाल के दिनों में टीएमसी नेताओं के साथ हुई घटनाओं और उन पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं को लेकर राज्य का राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है।