दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल सरकार ने दुर्गापुर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क, बस स्टैंड, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा फेंकने या पान की पीक थूकने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। राज्य सरकार दुर्गापुर को ‘फाइन सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
1 सितंबर से लागू होगा जुर्माना नियम
मंगलवार को सिटी सेंटर बस स्टैंड में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान नगर निगम एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर से गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रमाण के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और जुर्माने की राशि 100 रुपये से शुरू होगी।
15 से 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान
मंत्री ने कहा कि गंदगी के कारण डेंगू समेत कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 15 जून से 20 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई, जागरूकता और निगरानी का कार्य किया जा रहा है।
दुकानदारों और परिवहन कर्मियों को दिया संदेश
अग्निमित्रा पाल ने कई दुकानों के सामने जमा कचरे को साफ कराया और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बस स्टैंड से सटे गैरेजों का भी निरीक्षण किया और कर्मचारियों को सड़क या नालियों में कचरा नहीं फेंकने की सलाह दी। बस चालकों और परिवहन कर्मियों को भी साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया।
हर घर तक पहुंचेगी वेस्ट कलेक्शन बकेट
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक घर तक नई वेस्ट कलेक्शन बकेट पहुंचाई जाए और स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ बंगाल के निर्माण में ‘निर्मल बंधु’ और ‘निर्मल साथी’ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है।
जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए अधिकारी
निर्मल बंधु-निर्मल साथी की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में जिला मजिस्ट्रेट पोन्नमबलम एस, दुर्गापुर नगर निगम आयुक्त अबुल कलाम आजाद इस्लाम, शहरी विकास विभाग के अधिकारी और निर्मल बांग्ला अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।