कोलकाता: कथित भूमि हड़पने और धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार कोलकाता पुलिस के पूर्व उपायुक्त शांतनु सिन्हा विश्वास की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुर्शिदाबाद के कांदी स्थित उनके आलीशान पैतृक बंगले को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई कथित तौर पर आरोपी सोना पप्पू से जुड़े मामले में की जा रही है।
ताला तोड़कर की गई छापेमारी
ED अधिकारियों ने शुक्रवार को मुर्शिदाबाद के कांदी कस्बे में स्थित विश्वास की संपत्ति पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार कई घंटों तक चाबियां नहीं मिलने पर टीम को ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। जांच एजेंसी ने कोलकाता में भी एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की, जिनमें एक उपनिरीक्षक और चक्रबेड़िया के एक व्यवसायी का घर शामिल है।
दो किलो से अधिक सोना और भारी नकदी बरामद
सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान दो किलो से अधिक सोना बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा भारी मात्रा में नकदी और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। ED अब अवैध भूमि अधिग्रहण, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है।
आलीशान बंगले के निर्माण पर जांच एजेंसी को शक
ED अधिकारियों का दावा है कि कांदी नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 में स्थित विश्वास का पैतृक घर कुछ वर्ष पहले तक जर्जर हालत में था, लेकिन कम समय में इसे भव्य बंगले में बदल दिया गया। जांचकर्ताओं को संदेह है कि इस नवीनीकरण में कथित तौर पर सोना पप्पू से मिली रकम का इस्तेमाल किया गया।
कई अन्य संपत्तियां भी जांच के दायरे में
भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों के अनुसार शांतनु विश्वास के नाम पर लगभग 50 डेसिमल जमीन दर्ज है। ED ने दावा किया है कि जांच के दौरान पूर्व अधिकारी से जुड़ी कई अन्य संपत्तियों का भी पता चला है, जिनकी जांच की जा रही है।