हल्दिया: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया स्थित रिफाइनरी की नैफ्था सप्लाई पाइपलाइन में मंगलवार अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब चार बजे पाइपलाइन में विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें चिरंजीबपुर क्षेत्र तक पहुंचने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
15 कर्मचारी झुलसे, कई की हालत गंभीर
इस हादसे में करीब 15 कर्मचारी झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। प्रशासन और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया, जबकि दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
रेल सेवा पर पड़ा असर
घटना का असर रेलवे संचालन पर भी देखने को मिला। आग और विस्फोट के कारण रेलवे की ओवरहेड बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर और ट्रैक का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हल्दिया-हावड़ा रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन रोक दिया गया।
गैस रिसाव की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक आशंका है कि नैफ्था गैस के रिसाव के बाद विस्फोट हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। रिफाइनरी प्रबंधन ने कहा है कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों का इलाज और स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है।
क्या है नैफ्था और क्यों होता है खतरनाक?
नैफ्था कच्चे तेल के शोधन से प्राप्त होने वाला अत्यधिक ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन तरल है। इसका उपयोग पेट्रोकेमिकल उद्योग, प्लास्टिक, रबर, पेट्रोल उत्पादन, पेंट और अन्य औद्योगिक उत्पादों के निर्माण में किया जाता है। इसकी ज्वलनशील प्रकृति के कारण किसी भी प्रकार का रिसाव बड़े हादसे का कारण बन सकता है।