हावड़ा: हावड़ा के पांचला थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर ट्रक चालक से कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात ड्रमों में पोना मछली के अंडे लादकर एक ट्रक पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम की ओर जा रहा था। आरोप है कि पांचला इलाके में ड्यूटी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोककर चालक से रुपये की मांग की। इसी दौरान ट्रक में सवार एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में ट्रक सवार लोगों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे नंदीग्राम क्षेत्र के निवासी हैं और उनके साथ हुआ यह व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच के शुरुआती चरण में आरोपों को देखते हुए संबंधित ASI और कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के अधीक्षक (SP) अमित वर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी और पेशेवर आचरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ इस तरह की कोई शिकायत हो तो वे हावड़ा ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9147888245 पर संपर्क कर सकते हैं।