कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हुगली और कोलकाता से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर दिया। एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। वारदात के कुछ घंटे बाद उसी व्यक्ति ने कोलकाता के बेलगाछिया मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़कर जांच में जुटी है।
घर में मिला महिला का शव
पुलिस के अनुसार, महिला अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ हुगली जिले के ऋषड़ा स्थित किराए के मकान में रहती थी। सुबह घर से कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खुलने पर महिला का शव बिस्तर पर मिला, जबकि मासूम बेटी वहीं मौजूद थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पति की तलाश के बीच सामने आई नई जानकारी
घटना के बाद आरोपी पति का कोई पता नहीं चल रहा था। इसी दौरान बेलगाछिया मेट्रो स्टेशन पर एक व्यक्ति के मेट्रो ट्रैक पर कूदकर जान देने की सूचना मिली। पहचान होने पर पता चला कि मृतक वही व्यक्ति है, जिस पर पत्नी की हत्या का आरोप था।
हत्या की वजह की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घरेलू विवाद और वैवाहिक रिश्तों में तनाव के संकेत मिले हैं। कुछ पहलुओं में विवाहेतर संबंध की भी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के कारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
फॉरेंसिक टीम और पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।