कोलकाता - बीजेपी के सीनियर नेता दिलीप घोष ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर में स्थित मस्जिद को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का सम्मान होना चाहिए और उन्हें अतिक्रमण के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
निर्माण गैरकानूनी है तो उसे हटाना ही पड़ेगा
दिलीप घोष ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बंगाल में कई जगह मंदिर और मस्जिद अवैध रूप से बना दिए जाते हैं। उनका सवाल था कि एयरपोर्ट परिसर में मस्जिद बनने की अनुमति कैसे मिली। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, अगर कोई निर्माण गैरकानूनी है तो उसे हटाना ही पड़ेगा।
भगवान को सम्मान के साथ रखना चाहिए
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता दिलीप घोष ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, भगवान को सम्मान के साथ रखना चाहिए। मंदिर और मस्जिद कहीं भी बना देना सही नहीं है। इसके साथ ही आगे उन्होंने कहा कि, धार्मिक स्थलों का इस्तेमाल अतिक्रमण के लिए नहीं होना चाहिए और उनकी गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
सिद्धारमैया के इस्तीफे पर कांग्रेस पर निशाना
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे को लेकर भी दिलीप घोष ने कांग्रेस पर हमला बोला। बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा रही है कि उसके मुख्यमंत्री अक्सर अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है, लेकिन जनता को न्याय और विकास का लाभ मिलना चाहिए।