नई दिल्ली: भारत आज विकास की राह पर इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि पूरी दुनिया भारत की इस विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। शनिवार को देशव्यापी 'रोजगार मेला' के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास का पूरा खतियान पेश किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देश के 47 शहरों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार युवाओं को केंद्र और भाजपा शासित राज्य सरकारों में सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र (Appointment Letters) सौंपे।रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने साफ किया कि भारत सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर (PPP मॉडल पर) देश की तस्वीर बदल रहे हैं, जिससे रिकॉर्ड स्तर पर रोजगार पैदा हो रहे हैं।
"मुझे खुद नहीं मिला नल का मिस्त्री (Plumber)" – पीएम मोदी का दिलचस्प किस्सा
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में एक दिलचस्प वाकया साझा किया। पीएम मोदी ने कहा, "मैं स्वच्छता अभियान और जल जीवन मिशन को कभी नहीं भूलता। आज जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में इतने बड़े पैमाने पर काम चल रहा है कि शहरों में पीएनजी (PNG) कनेक्शन देने के लिए प्लंबर ही नहीं मिल रहे हैं। ऊर्जा संकट के इस दौर में हमें शहरों में तेजी से पीएनजी सेवा पहुंचानी थी, लेकिन मुझे खुद काम के लिए प्लंबर ढूंढने में दिक्कत हुई। सोचिए, आज देश में यह स्थिति है कि काम करने वाले लोग कम पड़ रहे हैं, क्योंकि हर कोई कहीं न कहीं रोजगार से जुड़ा है।"
ग्लोबल पावरहाउस बन रहा भारत: सेमीकंडक्टर और AI में बड़ी छलांग
प्रधानमंत्री ने सिर्फ रोजगार ही नहीं, बल्कि रणनीतिक मोर्चे पर भी देश को एक बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत आज एक 'ग्लोबल पावरहाउस' के रूप में उभर रहा है। जहाज निर्माण (Shipbuilding) से लेकर सेमीकंडक्टर हब बनने तक, देश में लाखों कुशल युवाओं के लिए नौकरियों के रास्ते खुल रहे हैं।
पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय समझौतों का जिक्र करते हुए कहा:
टाटा और ASML डील: नीदरलैंड्स की दिग्गज सेमीकंडक्टर कंपनी ASML के साथ टाटा का समझौता भारत में अगली पीढ़ी की तकनीक के दरवाजे खोलेगा।
स्वीडन और UAE से समझौते: स्वीडन के साथ टेक्नोलॉजी व एआई (AI) और यूएई (UAE) के साथ सुपरकंप्यूटिंग को लेकर हुए समझौतों ने नए भारत का रास्ता साफ कर दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह बयान साफ संकेत देता है कि भारत अब सेमीकंडक्टर और एआई तकनीक में चीन को पछाड़कर दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी महाशक्ति बनने की राह पर है।
"हर 100 किलोमीटर पर दिख रहा है विकास"
> पीएम मोदी ने नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, "आज आप देश के किसी भी कोने में चले जाइए, हर 100 किलोमीटर पर आपको सरकार का कोई न कोई बड़ा प्रोजेक्ट चलता हुआ दिखेगा। असली विकास तब होता है जब गांव और छोटे शहर मुख्यधारा से जुड़ते हैं। अब आप सरकारी व्यवस्था का हिस्सा हैं, आपका काम आम लोगों के जीवन को आसान बनाना (Ease of Living) और बिजनेस को बढ़ावा देना (Ease of Doing Business) होना चाहिए।"
2.30 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स रच रहे हैं इतिहास
प्रधानमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि देश में वर्तमान में 2 लाख 30 हजार से अधिक रजिस्टर्ड स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं। आने वाले समय में यही स्टार्टअप्स देश के करोड़ों अन्य युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का सबसे बड़ा जरिया बनने वाले हैं।