कोलाघाट: पश्चिम मेदिनीपुर के कोलाघाट में आयोजित करीब दो घंटे लंबी प्रशासनिक बैठक में विकास योजनाओं और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिले के दो तृणमूल सांसद और दो तृणमूल विधायकों की मौजूदगी रही। इस दौरान मंच पर चार सांसदों की उपस्थिति देखी गई- सौम्येंदु अधिकारी, दीपक अधिकारी (देव) और अभिजीत गंगोपाध्याय, जून मालिया।
विकास पर फोकस, चुनावी राजनीति से अलग संदेश
बैठक के दौरान यह संदेश सामने आया कि चुनाव के समय राजनीतिक बहस और चर्चा भले ही होती रहे, लेकिन पूरे साल प्राथमिकता विकास कार्यों को दी जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर योजनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर सभी पक्षों के बीच सहमति बनी।
देव ने उठाया घाटाल मास्टर प्लान का मुद्दा
बैठक में घाटाल मास्टर प्लान को लेकर सांसद दीपक अधिकारी (देव) ने विशेष रूप से मांग रखी। उन्होंने इस परियोजना को जल्द लागू करने पर जोर दिया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए बेहद अहम बताया।
सुवेंदु अधिकारी का बड़ा आश्वासन
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सुवेंदु अधिकारी ने देव को भरोसा देते हुए कहा- “यह कर दिया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि घाटाल मास्टर प्लान को लेकर जो भी प्रतिबद्धता जताई गई है, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी उनकी है।
“तुम मेरे भाई हो”, भावनात्मक बयान से बढ़ी चर्चा
बैठक के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने सांसद देव को “मेरा भाई” और “तुम मेरे ब्रदर हो” कहकर संबोधित किया। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई। उन्होंने यह भी कहा कि घाटाल मास्टर प्लान की जिम्मेदारी उनके ऊपर छोड़ दी जाए और इसे पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठक के बाद देव का बयान
बैठक समाप्त होने के बाद देव ने बताया कि उन्होंने घाटाल मास्टर प्लान को लेकर अपनी मांग रखी थी, जिस पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस परियोजना को लेकर ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।