कोलकाता: हाई-वोल्टेज कोलकाता डार्बी मुकाबला रोमांचक मोड़ पर बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ। ईस्ट बंगाल और मोहन बागान के बीच खेला गया यह मैच 1-1 की बराबरी पर छूटा। इस ड्रॉ के साथ ही लीग की खिताबी जंग अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है, जहां फिलहाल लाल-पीली ब्रिगेड (ईस्ट बंगाल) का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
एडमुंड के गोल से झूम उठा ईस्ट बंगाल खेमा
मैच के उत्तरार्ध में जब घड़ी की सुइयां तेजी से बीत रही थीं, तब एडमुंड ने शानदार गोल कर ईस्ट बंगाल को 1-0 से आगे कर दिया। गोल होते ही ईस्ट बंगाल के कोच ऑस्कर ब्रूजो अपनी भावनाएं काबू नहीं रख सके और करीब 100 मीटर की दौड़ लगाकर एडमुंड को गले लगा लिया। पूरा स्टेडियम लाल-पीले रंग में रंग गया था।
कमिंग्स ने मोहन बागान की वापसी कराई, ऑस्कर की 'ड्रॉ' प्लानिंग
हालांकि, ईस्ट बंगाल की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी और मोहन बागान के जेसन कमिंग्स ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। गोल खाने के बाद ईस्ट बंगाल के कोच ऑस्कर ब्रूजो ने तुरंत रणनीति बदली और डिफेंस को मजबूत कर मैच को ड्रॉ पर खत्म कराने का फैसला किया, क्योंकि वह जानते थे कि 1 अंक भी उन्हें ट्रॉफी के बेहद करीब ले जाएगा। मैच के बाद ऑस्कर ने कहा, "हम जीतना चाहते थे, लेकिन अब हमारा पूरा ध्यान इंटर काशी के खिलाफ होने वाले आखिरी मैच पर है। उम्मीद है कि गुरुवार को हम अपना सर्वश्रेष्ठ देकर सपना पूरा करेंगे।"
'दबाव नहीं, सपना पूरा करने का मोटिवेशन है' – मोहम्मद रशीद
ईस्ट बंगाल के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद रशीद ने कहा, "कोई दबाव नहीं है। आखिरी मैच जीतते ही हम चैंपियन बन जाएंगे, यही बात हमारा मोटिवेशन बढ़ा रही है। हम अपने सपने और समर्थकों के लिए यह खिताब जीतना चाहते हैं।" हालांकि, क्लब के सीनियर अधिकारी देबब्रत सरकार मैच ड्रॉ होने से थोड़े निराश दिखे। उन्होंने कहा कि अगर आज जीत जाते तो चैंपियनशिप पक्की हो जाती, लेकिन अब पूरा ध्यान इंटर काशी वाले मैच पर है।
हम आखिरी दम तक लड़ेंगे, टूटू बोस को समर्पित करना चाहते हैं खिताब: शुभाशीष
दूसरी ओर, मोहन बागान के कप्तान शुभाशीष बोस अभी भी निराश नहीं हैं। उन्होंने कहा, "टीम ने अच्छा संघर्ष किया। आखिरी पलों में हमारे पास गोल करने का मौका था। अब हमें आखिरी मैच बड़े अंतर से जीतना होगा और अगर ईस्ट बंगाल अंक गंवाती है, तो हम चैंपियन बन सकते हैं।" शुभाशीष ने भावुक होते हुए कहा कि वे इस लीग को जीतकर हाल ही में दिवंगत हुए क्लब के पूर्व अध्यक्ष स्वपनसाधन (टूटू) बोस को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं।
पेंनल्टी न मिलने से नाराज मोहन बागान प्रबंधन
मैच देखने खुद संजीव गोयनका भी पहुंचे थे। मोहन बागान के कोच सर्जियो लोबेरा ने टीम के जज्बे की तारीफ की और कहा कि अगर आखिरी पलों में जेमी मैकलारेन का शॉट गोलकीपर के पैर पर न लगता, तो कहानी कुछ और होती। वहीं, मोहन बागान के अध्यक्ष देबाशीष दत्त ने रेफरी के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा, "हमें एक स्पष्ट पेनल्टी मिलनी चाहिए थी जो नहीं दी गई। ऐसा लगता है कि इस सीजन में आईएसएल मोहन बागान को पेनल्टी नहीं देगा।"