कोलकाता के बॉडीगार्ड्स लाइंस में हुई पुलिस के उच्चस्तरीय बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। कोलकाता पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अवैध गतिविधियों पर सख्ती जरूरी है। बैठक में गौ-तस्करी पर रोक लगाने, अवैध निर्माण कार्यों को पूरी तरह बंद कराने और घुसपैठ से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
लाउडस्पीकर नियमों पर सख्ती, अनुमति होगी अनिवार्य
बैठक में लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर भी नए निर्देश जारी किए गए। अब किसी भी कार्यक्रम में लाउडस्पीकर बजाने से पहले प्रशासनिक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
CAPF के साथ संयुक्त पेट्रोलिंग जारी रहेगी
संभावित हिंसा और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बनाए रखने के लिए CAPF के साथ संयुक्त पेट्रोलिंग जारी रखने का फैसला लिया गया है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को पहले ही नियंत्रित करना है।
भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर विशेष प्रशिक्षण
बैठक में भीड़ प्रबंधन को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जुलूस, आंदोलन और सार्वजनिक सभाओं के दौरान पुलिसकर्मियों को संयम और दक्षता के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए नियमित परेड और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर अपने क्षेत्रों में इसका संचालन करेंगे और इसकी मासिक रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपनी होगी।
मांस बिक्री और पशु नियमों पर निगरानी
सरकारी नियमों के अनुसार मांस बिक्री स्थलों और पशुओं की आयु संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट नियमों पर कोई रियायत नहीं
सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने सख्त संदेश दिया है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ अनिवार्य रूप से चालान काटा जाएगा और किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।