कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मानसून के सक्रिय होते ही राजधानी कोलकाता में पहली जोरदार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रविवार को करीब एक घंटे तक चली तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और एसएसकेएम अस्पताल परिसर में पानी घुस गया, जबकि चांदनी चौक इलाके में पेड़ गिरने से सेंट्रल एवेन्यू पर यातायात प्रभावित रहा।
अस्पतालों में घुसा बारिश का पानी
तेज बारिश का असर शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों पर भी देखने को मिला। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर सेंटर के सामने घुटनों तक पानी भर गया। वहीं एसएसकेएम (पीजी) अस्पताल परिसर में भी जलजमाव की स्थिति बन गई। पानी निकालने के लिए निगम को पंप लगाकर निकासी का काम करना पड़ा।
चांदनी चौक में गिरा पेड़, प्रभावित हुआ यातायात
चांदनी चौक इलाके में एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे सेंट्रल एवेन्यू पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पेड़ बिजली के तारों पर गिरने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने के बाद कोलकाता नगर निगम और सीईएससी की टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद रास्ता साफ कर यातायात सामान्य किया गया।
शहर के कई इलाके हुए जलमग्न
लगातार हुई बारिश के कारण पटुली, जादवपुर, कस्बा, सियालदह और कांकुरगाछी समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। निगम सूत्रों के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों से पानी निकाल दिया गया, जबकि कुछ जगहों पर देर रात तक जल निकासी का कार्य जारी रहा।
पीएम मोदी के कार्यक्रम के बाद बदला मौसम
रविवार सुबह रेड रोड पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मौसम सामान्य रहा, लेकिन सुबह करीब 11 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।
मौसम विभाग की निगाहें मानसून पर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। आने वाले दिनों में कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे प्रशासन को सतर्क रहने की आवश्यकता है।