कोलकाता: कोलकाता में तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने गुरुवार शाम शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और संपत्तियों को नुकसान की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने पहले ही गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया था। शहर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी।
कोलकाता एयरपोर्ट में जलभराव, यात्रियों को परेशानी
भारी बारिश के बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (कोलकाता एयरपोर्ट) परिसर में पानी भरने की खबरें सामने आई हैं। जलभराव के कारण यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल हालात पर नजर रखी जा रही है।
जगह-जगह गिरे पेड़, ट्रैफिक पर असर
तेज हवाओं और बारिश के चलते कोलकाता और आसपास के कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे ट्रैफिक की समस्या भी देखने को मिली। प्रशासन की टीमें रास्ते साफ करने के काम में जुटी हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
साउथ सिटी मॉल के कांच के बड़े गेट टूटने की खबर
इसी बीच खबर मिल रही है कि साउथ सिटी मॉल के बड़े-बड़े कांच के गेट टूटकर गिर गए हैं। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इस घटना की चर्चा तेज है। हालांकि, अब तक मॉल प्रशासन या पुलिस की ओर से इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं। लोगों को पेड़ों, कमजोर ढांचों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।