कोलकाता: और हावड़ा के बीच रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों और आम जनता के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। आगामी 31 मई 2026 (रविवार) को विद्यासागर सेतु (সেকেন্ড হুগলি ব্রিজ) पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रहेगी। पुल के जरूरी मरम्मत कार्य और केबल्स बदलने के लिए कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने इस मार्ग को 8 घंटे के लिए बंद रखने का फैसला किया है।
कोलकाता पुलिस के डीसीपी ट्रैफिक (DCP Traffic) के पीए द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना (अधिसूचना संख्या: TP. /25, दिनांक 28 मई 2026) के अनुसार, 31 मई को सुबह 06:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक विद्यासागर सेतु पर हर प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
क्यों लिया गया है यह ब्लॉक?
हुगली नदी पर बना विद्यासागर सेतु कोलकाता की सबसे महत्वपूर्ण लाइफलाइनों में से एक है। इस 8 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान पुल की मजबूती और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए 'रिपेयर एंड रीहैबिलिटेशन' (Repair and Rehabilitation) का काम किया जाएगा। इसके तहत मुख्य रूप से पुल के स्टे और होल्डिंग डाउन केबल्स (Stay and Holding-down Cables) और बियरिंग्स (Bearings) को बदलने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर इस दौरान किसी भी गाड़ी को पुल पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी।
संडे को प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक, वैकल्पिक रूट अपनाएं
चूंकि यह ब्लॉक रविवार की सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा, इसलिए वीकेंड पर कोलकाता से हावड़ा या कोना एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने इस सूचना को व्यापक रूप से प्रसारित करने का निर्देश दिया है ताकि लोग पहले से ही सतर्क हो जाएं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तय समयावधि के दौरान विद्यासागर सेतु के बजाय वैकल्पिक मार्गों (जैसे हावड़ा ब्रिज या बाली निवेदिता सेतु) का इस्तेमाल करें, ताकि वे ट्रैफिक जाम से बच सकें और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।