हावड़ा: हावड़ा जिले के भाटोरा द्वीप और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए परिवहन व्यवस्था में एक बड़ी सौगात मिली है। स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए प्रशासन ने कुलिया से हावड़ा के बीच नई सरकारी बस सेवा शुरू कर दी है। इस सेवा के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कम खर्च में सुगम और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
महिलाओं को मिलेगा मुफ्त यात्रा का लाभ
राज्य सरकार की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ अब इस नए ग्रामीण रूट पर भी मिलेगा। गांव से सीधे सरकारी बस सेवा मिलने की घोषणा के बाद स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। आमता विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सामंत की मौजूदगी में कुलिया से इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विधायक अमित सामंत ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने इस सीमांत क्षेत्र को शहर से जोड़ने का जो वादा किया था, उसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है।
भाटोरा द्वीप समेत सीमावर्ती क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
आमता के कुलिया से शुरू हुई इस बस सेवा के कारण अब हावड़ा और कोलकाता शहर तक पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा। इससे हावड़ा के एकमात्र द्वीप क्षेत्र भाटोरा के लोगों के साथ-साथ हुगली और मेदिनीपुर के सीमावर्ती इलाकों के निवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल इस रूट पर एक बस से सेवा शुरू की गई है, लेकिन भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ इस रूट का विस्तार हावड़ा से धर्मतल्ला तक करने की भी योजना है।
क्या होगा बस का रूट?
नई सरकारी बस कुलिया से रवाना होकर रानीहाटी-आमता रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (NH-16) और बेलेपोल होते हुए हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में भी बस इसी मार्ग से संचालित होगी।
बस की समय-सारणी:-
कुलिया से प्रस्थान:
सुबह 08:00 बजे
शाम 08:00 बजे
हावड़ा से प्रस्थान:
सुबह 05:15 बजे
शाम 05:00 बजे
विकास की दिशा में एक और कदम
विधायक अमित सामंत ने बताया कि इससे पहले जनता की मांग पर झिकिरा-हावड़ा बस सेवा शुरू की गई थी। अब कुलिया-हावड़ा बस सेवा की शुरुआत से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की शहरों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।