कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर तृणमूल विधायक कुणाल घोष को निशाना बनाकर अंडा फेंका गया। बताया जा रहा है कि कुणाल घोष एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने पहुंचे थे, तभी यह घटना हुई।
कुणाल घोष के सिर पर फूटा कच्चा अंडा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कालीघाट में बैठक स्थल की ओर जाते समय कुछ प्रदर्शनकारियों ने कुणाल घोष की ओर अंडा फेंका। फेंका गया कच्चा अंडा सीधे उनके सिर पर जाकर लगा और वहीं फूट गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
तृणमूल नेताओं के खिलाफ बढ़ रही नाराजगी
राज्य में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और विभिन्न मामलों को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को कई स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिनों सोनारपुर में पार्टी के एक मृत कार्यकर्ता के घर जाते समय अभिषेक बनर्जी पर भी अंडे फेंके गए थे। उस घटना ने भी राज्य की राजनीति में काफी चर्चा बटोरी थी।
कई नेता पहले भी बन चुके हैं निशाना
केवल अभिषेक बनर्जी ही नहीं, बल्कि तृणमूल के कई अन्य नेता और पूर्व मंत्री भी इस तरह के विरोध का सामना कर चुके हैं। हाल ही में गिरफ्तार हुए सब्यसाची दत्ता, जहांगीर खान और स्वरूप विश्वास के खिलाफ भी प्रदर्शन के दौरान अंडे फेंके गए थे। इसके अलावा पूर्व मंत्री उज्ज्वल विश्वास को भी प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा था।
विपक्ष के हमलों के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल
कालीघाट में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के सामने हुई इस घटना ने एक बार फिर राज्य की राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी है। लगातार तृणमूल नेताओं को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।