मुर्शिदाबाद: मुर्शिदाबाद के लालगोला में कथित अवैध घुसपैठ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर लालगोला थाना पुलिस ने पहाड़पुर इलाके में छापेमारी कर 8 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। आज उन्हें लालगोला के होल्डिंग सेंटर भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस का त्वरित एक्शन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद लालगोला थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पहाड़पुर इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान 8 लोगों को हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान पियारुल इस्लाम (20), आतिक हुसैन (22), मोहम्मद अल मामोन अली (17), एनामुल हक (23), मोहम्मद आतिक हसन (20), मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम (29), मोहम्मद अब्दुल हाई (42) और मोहम्मद जसीम (21) के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश के पते बांग्लादेश के राजशाही जिले के बताए गए हैं, जबकि एनामुल हक मुंशीगंज का निवासी बताया गया है।
तमिलनाडु से लौटने के दौरान पकड़े जाने का दावा
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि वे काम के सिलसिले में तमिलनाडु गए थे। वहां काम पूरा करने के बाद घर लौटते समय पहाड़पुर इलाके में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। हालांकि, भारत में प्रवेश करने के रास्ते और उनकी यात्रा से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।
घुसपैठ के रास्ते और नेटवर्क की जांच
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सभी संदिग्ध किस रास्ते से भारत में दाखिल हुए और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। आगे की जांच के लिए हिरासत में लिए गए सभी लोगों को लालगोला के होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है।