कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सत्ता में भाजपा के आने के बाद फिल्म जगत के पहले किसी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में भाजपा की स्टार सांसद लॉकेट चटर्जी शामिल हुईं। कोलकाता के एक पांच सितारा होटल में मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमाशी चक्रवर्ती की फिल्म ‘आखरी सवाल’ के प्रमोशन के दौरान लॉकेट चटर्जी ने टॉलीवुड में व्याप्त 'बैन कल्चर' और महिला सुरक्षा को लेकर कड़ा संदेश दिया।
पुरानी यादों से हुईं भावुक, बयां किया अपना दर्द
लंबे समय बाद किसी फिल्मी कार्यक्रम में शामिल होने पर लॉकेट भावुक नजर आईं। उन्होंने बताया कि कैसे 2014 में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें इंडस्ट्री में हाशिए पर धकेल दिया गया था। लॉकेट ने कहा, "जब मैंने भाजपा जॉइन की थी, तब कई निर्माताओं को कह दिया गया था कि मुझे काम न दिया जाए। अनुबंध (Contract) होने के बावजूद मुझसे कहा गया कि ऊपर से निर्देश है, आपका नाम हटाना होगा। मेरे साथ अन्याय हुआ और उस समय कोई कलाकार मेरे साथ खड़ा नहीं हुआ।"
महिला सुरक्षा पर बड़ा बयान
फिल्म उद्योग और राज्य में महिलाओं की स्थिति पर बोलते हुए भाजपा सांसद ने कहा, "बंगाल की बेटियां अब अपनी मर्जी से चलेंगी। अब कोई उन्हें यह नहीं कहेगा कि रात 8 बजे के बाद बाहर मत निकलो। वे जब चाहें बाहर जा सकेंगी, जो चाहें पहन सकेंगी। उनके पहनावे में कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा। अब महिलाएं सुरक्षित हैं।"
"टॉलीवुड में अब नहीं होगा बैन कल्चर"
सत्ता परिवर्तन का जिक्र करते हुए लॉकेट चटर्जी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब टॉलीवुड में किसी को काम करने से नहीं रोका जाएगा। उन्होंने कहा, "हम किसी के पेट पर लात नहीं पड़ने देंगे। अब यह 'बैन कल्चर' खत्म होगा। हर कलाकार को उसकी योग्यता के आधार पर काम मिलेगा, उसकी राजनीतिक विचारधारा के आधार पर नहीं।"गौरतलब है कि लॉकेट चटर्जी को आखिरी बार 2020 में फिल्म ‘संन्यासी देशनायक’ में देखा गया था, जिसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो गई थीं।