कोलकाता - कई सांसदों के अलग रुख अपनाने की खबरों ने तृणमूल कांग्रेस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। पार्टी नेतृत्व लंबे समय से संगठन को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हालिया घटनाक्रम ने यह संकेत दिया है कि अंदरूनी असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी बीच पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा ने अपनी ही पार्टी की युवा नेता सायोनी घोष को लेकर भावुक बयान दिया है।
वो मेरी बच्ची जैसी हैं - महुआ मोइत्रा
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सांसद सयोनी घोष के कथित बागी गुट में शामिल होने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर बहुत बड़ा झटका है। उन्होंने कहा, “वो मेरी बच्ची जैसी है, मेरी बहन जैसी है।” महुआ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सयोनी के चरित्र पर पूरा भरोसा करती हैं और उन्हें “बेवफा” नहीं मानतीं।
भरोसा और रिश्तों की बात
टीएमसी पार्टी की सीनियर नेत्री महुआ मोइत्रा ने कहा कि सयोनी घोष स्वभाव से बेहद सरल और मेहनती व्यक्ति हैं। उनके अनुसार सयोनी को न तो पैसों में रुचि है और न ही किसी प्रकार के निजी लाभ में। तृणमूल कांग्रेस की सांसद ने इस दौरान यह भी कहा कि, सयोनी हमेशा पार्टी के लिए काम करती रही हैं और उनका जीवन बहुत सादा है।
राजनीतिक उठापटक के बीच बयान
आपको बता दें कि, यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी के अंदर असंतोष और गुटबाजी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कई नेताओं के रुख बदलने और असंतोष जताने से पार्टी के भीतर तनाव की स्थिति बनी हुई है। महुआ मोइत्रा का यह बयान साफ तौर पर दिखाता है कि पार्टी के भीतर भले ही राजनीतिक मतभेद बढ़ रहे हों, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों और भरोसे की भावना अभी भी नेताओं के बीच मौजूद है।