मालदा में शुक्रवार सुबह विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कानीमोड़ मालदा फॉरेस्ट रेंज कार्यालय में बच्चों और माताओं के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में वृक्षारोपण और चित्रकला गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मां के नाम एक पेड़ अभियान की शुरुआत
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “मां के नाम एक पेड़” अभियान रहा, जिसकी पहल फॉरेस्ट रेंज अधिकारी सरस्वती विश्वास ने की। इस अभियान का उद्देश्य माताओं और बच्चों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर डीएफओ निथु जर्ज थोप्पन, रेंज अधिकारी दुलाल मंडल, बीट अधिकारी प्रदीप भौमिक, बालुकारा रेंज अधिकारी मनोजित सेठ सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
बच्चों ने चित्रकला से दिया पर्यावरण संदेश
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संतुलन का महत्व समझाया गया। बच्चों ने पेड़ों की सुंदर चित्रकारी की, जिसके बाद उन्हें खाद्य सामग्री और एक-एक पौधा प्रदान किया गया।
डीएफओ ने बांटी चॉकलेट, लगाया पौधारोपण
डीएफओ मैडम ने स्वयं बच्चों को चॉकलेट वितरित की और माताओं व बच्चों को पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने रेंज कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
20 हजार से अधिक पौधे वितरण का लक्ष्य
डीएफओ ने जानकारी दी कि जिले भर में लगभग 20 हजार से अधिक पौधे वितरित किए जा रहे हैं। हर ब्लॉक और रेंज कार्यालय में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले का मुख्य कार्यक्रम आदीना सोशल फॉरेस्ट में आयोजित किया जाएगा।