कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने केंद्र की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की सराहना की। राजारहाट न्यूटाउन स्थित विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों का किया उल्लेख
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल 12 वर्षों से प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि एक जनसेवक और मंत्री के रूप में लगभग 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन पूरा करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की परंपरा, विकास और आधुनिकता को साथ लेकर आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश ने बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन’ और ‘लाखपति दीदी’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि संसद और विधानसभाओं मे महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रधानमंत्री मोदी ने ऐतिहासिक पहल की है। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों को मजबूत कर महिलाओं को अधिक अधिकार और सुरक्षा प्रदान की गई है।
स्वच्छ भारत से लेकर पीएम आवास तक करोड़ों लोगों को लाभ
पत्रकार सम्मेलन मे मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में लगभग 14 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री अन्न सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन और पीएम किसान योजना जैसी योजनाओ से करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं। उनके अनुसार, वर्तमान में 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
सड़क, एयरपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर जोर
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश में करीब 4 लाख किलोमीटर पक्की सड़कें बनाई गई हैं। इसके अलावा देश मे बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि जहां पहले देश में केवल 64 हवाई अड्डे थे, वही अब उनकी संख्या बढ़कर 90 से अधिक हो चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 5 करोड़ मकानो का निर्माण भी किया गया है।
पश्चिम बंगाल को मिलेगा विकास का नया अवसर
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद पश्चिम बंगाल को भी केंद्र की योजनाओं और विकास परियोजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया है।सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के मंत्री लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं और राज्य सरकार भी दिल्ली में विभिन्न विकास समझौतों पर काम कर रही है।
20 जून को तारकेश्वर आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तारकेश्वर का दौरा करेंगे। इस दौरान राज्य और देश के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लिए 8,500 करोड़ रुपय* की राशि आवंटित की गई है और आने वाले समय में राज्य भी देश के अन्य राज्यों की तरह आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।