पानागढ़: पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 36 बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस विशेष अभियान को इलाके में अब तक की सबसे बड़ी धर-पकड़ कार्रवाई माना जा रहा है।
ग्रामीणों की सूचना पर हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब बड़ी संख्या में बालू लदे ट्रैक्टर एक बालू घाट से निकलते दिखाई दिए तो ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी कांकसा थाना पुलिस और भूमि राजस्व विभाग को दी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाकर वाहनों को रोक लिया और जांच शुरू की।
विधायक ने उठाया था अवैध बालू घाट का मुद्दा
बताया जा रहा है कि हाल ही में दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कांकसा के सिलामपुर इलाके में संचालित कथित अवैध बालू घाट का मुद्दा उठाया था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। मंगलवार की कार्रवाई को उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बिना दस्तावेजों के चल रहा था कारोबार
स्थानीय ग्रामीण राज चक्रवर्ती का आरोप है कि जब्त किए गए अधिकांश ट्रैक्टरों के चालकों के पास कोई वैध सरकारी दस्तावेज या चालान नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रात के अंधेरे में भारी वाहनों के जरिए अवैध बालू परिवहन किया जा रहा था।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों ने शिकायत की है कि रात में भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कों और आसपास के मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने मांग की है कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल निर्धारित समय और नियमों के तहत ही बालू का परिवहन किया जाए।
कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस और कांकसा भूमि राजस्व विभाग ने जब्त किए गए ट्रैक्टरों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन व परिवहन में शामिल लोगों की भी पहचान की जाएगी।