कोलकाता। पश्चिम बंंगाल में कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने में पूर्व विधायक पार्थ चटर्जी समेत चार लोगों के खिलाफ गंभीर आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने रंगदारी, धमकी और अभद्र व्यवहार जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
₹1 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले ₹25 लाख की उगाही की और बाद में ₹1 करोड़ की अतिरिक्त रकम की मांग की। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर शिकायतकर्ता और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
महिला ने लगाए धमकी और अभद्र व्यवहार के आरोप
एफआईआर में शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और लगातार मानसिक दबाव बनाया। शिकायत में शीलभंग और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं।
2020 से 2024 के बीच की घटनाओं का जिक्र
शिकायत में कहा गया है कि यह पूरा मामला वर्ष 2020 से 2024 के बीच का है। आरोपियों ने कथित तौर पर जेल से रिहाई का भरोसा दिलाकर बड़ी रकम की मांग की थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पार्थ चटर्जी समेत सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।