कोलकाता: पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तारकेश्वर दौरे की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को देश के विकास का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
"वंदे भारत नए भारत की पहचान"
अपने संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वंदे भारत केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि नए भारत की सोच और आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अवधि में देशभर में 1,317 नए और आधुनिकीकृत रेलवे स्टेशनों का विकास किया गया है। वहीं 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है, जिसने देश के विभिन्न हिस्सों को तेज और आधुनिक रेल सेवाओं से जोड़ा है।
रेलवे से लेकर एयरपोर्ट तक विकास की रफ्तार
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जबकि आज उनकी संख्या दोगुने से भी अधिक हो चुकी है। पिछले एक दशक में 90 से ज्यादा नए एयरपोर्ट विकसित किए गए हैं, जिससे क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के एक छोर से दूसरे छोर तक की दूरी कम हुई है और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है।
चार लाख किलोमीटर सड़को का निर्माण, गांवों तक पहुंचा विकास
मुख्यमंत्री ने सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग चार लाख किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार के साथ-साथ सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में भी बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित की गई है। उन्होंने दावा किया कि विकास अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों और दूरदराज के इलाकों तक पहुंच चुका है।
दिल्ली-कोलकाता समन्वय से तेज हुई परियोजनाओं की रफ्तार
अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद केंद्र और राज्य के बीच बढ़े समन्वय का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री लगातार बंगाल का दौरा कर रहे हैं और राज्य सरकार के प्रतिनिधि भी नियमित रूप से दिल्ली जा रहे है। उनके अनुसार, इस बेहतर समन्वय के कारण विकास परियोजनाओं की मंजूरी और क्रियान्वयन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज हुई है।
20 जून को तारकेश्वर से देंगे विकास का संदेश
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तारकेश्वर आएंगे। वहां से वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। राजनीतिक जानकारो का मानना है कि राज्य में नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक, दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा देश
सुवेंदु अधिकारी ने डिजिटल अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भर भारत, विनिर्माण क्षेत्र, रोजगार सृजन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता हासिल कर चुका है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, सुशासन और विकास के पिछले 12 वर्षों ने भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत न केवल एक विकसित राष्ट्र बनेगा, बल्कि वैश्विक नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।