पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस दौरान करीब 10 लाख लोगों के योग कार्यक्रम में शामिल होने का अनुमान है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय समारोह इस बार कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है।
रेड रोड पर होगा राष्ट्रीय कार्यक्रम, ड्रोन शो से किया गया स्वागत
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच चुके हैं। भारत सरकार की ओर से रेड रोड पर भव्य आयोजन किया जाएगा। योग दिवस से पहले हावड़ा ब्रिज के पास ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसमें योग मुद्राओं और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों का प्रदर्शन किया गया।
पहली बार कोलकाता में हो रहा है योग दिवस का मुख्य समारोह
आयुष मंत्रालय के बयान के मुताबिक, यह पहली बार है जब अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है। रविवार सुबह रेड रोड पर करीब 35 हजार लोग मौजूद रहेंगे, जबकि पूरे कोलकाता में लगभग 10 लाख लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ योगाभ्यास करेंगे। मंत्रालय के पोर्टल पर करीब 7 लाख लोगों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है।
हर राज्य में अलग अंदाज में मनाया जाएगा योग दिवस
आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हर वर्ष अलग-अलग शहरों में किया जाता है और राज्य अपने-अपने तरीके से इसे मनाते हैं। कोलकाता में चार स्थानों पर ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 10 हजार लोग भाग लेंगे। इसके अलावा विभिन्न जिलों में भी ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के साथ योग गुरु उमंग त्यागी भी योगाभ्यास करेंगे।
क्या है अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का इतिहास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अपने संबोधन के दौरान योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे व्यापक समर्थन मिला। इसके बाद 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव 69/131 के तहत 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। पहला आधिकारिक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था।