कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक रामेंदु सिंहराय को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ सरकारी राहत सामग्री की चोरी, धमकी देने और कथित तौर पर वसूली (तोलाबाजी) करने समेत कई गंभीर आरोप दर्ज किए गए थे। आरोपों के बाद से वह फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
बीएड कॉलेज से मिली थी सरकारी राहत सामग्री
जानकारी के अनुसार, 11 जून को हुगली के धनियाखाली स्थित रामेंदु सिंहराय के बीएड कॉलेज में छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद की गई थी। यह कॉलेज पूर्व विधायक ने अपने आवास के निकट स्थापित किया था। बरामद सामान में सरकारी राहत वितरण के लिए रखी गई तिरपाल और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी खेल सामग्री भी शामिल बताई गई है।
धमकी और वसूली के आरोप भी दर्ज
सरकारी राहत सामग्री बरामद होने के बाद रामेंदु सिंहराय के खिलाफ धमकी देने और वसूली से जुड़े आरोपों को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। इन मामलों के सामने आने के बाद वह सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे और पुलिस से बचते हुए लगातार ठिकाना बदल रहे थे।
मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर पहुंची पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, धनियाखाली थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए रामेंदु सिंहराय के मोबाइल फोन की टावर लोकेशन ट्रैक की। जांच के दौरान उनकी लोकेशन कर्नाटक में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें पश्चिम बंगाल लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
2026 विधानसभा चुनाव में मिली थी हार
रामेंदु सिंहराय 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तारकेश्वर सीट से विजयी हुए थे। हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार संतु पान के हाथों हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार के प्रचार अभियान पर हमले के आरोप भी उनके खिलाफ लगे थे।