कोलकाता: रंगदारी और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक और तृणमूल के पूर्व नेता सब्यसाची दत्त की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस जांच के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने संबंधित एफआईआर और जांच से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर वित्तीय पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।
जल्द दर्ज हो सकता है ईसीआईआर
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल ईडी ने औपचारिक रूप से ईसीआईआर दर्ज नहीं की है, लेकिन शुरुआती जांच में मिले तथ्यों के आधार पर जल्द ही नियमित मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की जा सकती है। एजेंसी पुलिस की जांच रिपोर्ट और वित्तीय दस्तावेजों का विश्लेषण कर रही है।
बैंक खाते फ्रीज, करोड़ों की संपत्ति जब्त
पुलिस जांच में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद सब्यसाची दत्त के पांच बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। जांच एजेंसियों ने अब तक लगभग 3.70 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की है। अधिकारियों का मानना है कि वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच में और अहम जानकारी सामने आ सकती है।
सोने के गहनों की भी हो रही जांच
जांच के दौरान तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के आवास से करीब 4.39 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहने बरामद किए गए। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन गहनों का संबंध सब्यसाची दत्त से है या नहीं। इसी पहलू को लेकर ईडी भी वित्तीय ट्रेल की जांच कर रही है।