पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में बंगाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता श्रीदाम हाउली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह सोमवार देर रात पकड़ा गया। श्रीदाम को संदेशखाली के प्रभावशाली नेता शेख शाहजहां का बेहद करीबी माना जाता है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रीदाम हाउली के खिलाफ दंगा फैलाने, मारपीट, हत्या की कोशिश, महिलाओं से दुर्व्यवहार और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और पुराने मामलों की फाइलें भी दोबारा खंगाली जा रही हैं।
अवैध कब्जे और हिंसा के आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, साल 2015 में इलाके के मछली पालन तालाबों पर अवैध कब्जा और स्थानीय लोगों के साथ हिंसा के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा कोरोना काल के दौरान सरकारी नियमों की अनदेखी और अस्पताल में घुसकर डॉक्टरों व कर्मचारियों पर हमले के आरोप भी उस पर लगे थे।
शाहजहां की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी कार्रवाई
संदेशखाली आंदोलन के बाद से शेख शाहजहां का नाम महिलाओं के उत्पीड़न और जमीन कब्जाने जैसे मामलों में सुर्खियों में आया था। फिलहाल वह ईडी और सीबीआई से जुड़े मामलों में जेल में बंद है। शाहजहां की गिरफ्तारी के बाद उसके करीबियों पर भी पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रीदाम हाउली से पूछताछ के आधार पर कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।