कोलकाता। सियालदह के उत्तरी सेक्शन में प्रस्तावित 15 घंटे का मेगा ब्लॉक आखिरकार टाल दिया गया। रविवार को होने वाले इस बड़े ब्लॉक के लिए रेलवे ने पहले ही व्यापक प्रचार-प्रसार कर दिया था और कई ट्रेनों को रद्द करने का भी ऐलान किया गया था, लेकिन अंतिम समय में संगठनात्मक टीम ने इसे स्थगित करने का फैसला ले लिया। इस फैसले से लाखों यात्रियों को राहत मिली है, खासकर उन लोगों को जो अचानक यात्रा की योजना बना रहे थे और वैकल्पिक व्यवस्था करने की स्थिति में नहीं थे।
पुराने गर्डरों की जगह लगाए जाने थे नए गर्डर
पूर्वी रेलवे की ओर से रखरखाव और इंटरलॉकिंग कार्य के लिए शनिवार रात 10:15 बजे से रविवार दोपहर 1:15 बजे तक करीब 15 घंटे का मेगा ब्लॉक प्रस्तावित था। इस दौरान पुराने गर्डरों की जगह नए गर्डर लगाए जाने थे, जिससे पुल की संरचनात्मक सुरक्षा मजबूत होती और रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित व सुगम बनाया जा सकता। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह काम कई वर्षों बाद किया जा रहा है और इसके पूरा होने से पूरे सेक्शन की कार्यक्षमता बढ़ेगी।
100 से ज्यादा लोकल ट्रेनों पर पड़ने वाला था असर
मेगा ब्लॉक के कारण बनगांव, नैहाटी, हाबरा, गोबरडांगा, राणाघाट, दत्तापुकुर, बारासात, कल्याणी, डानकुनी और बैरकपुर रूट की अप और डाउन दिशा की 100 से अधिक लोकल ट्रेनों को रद्द या आंशिक रूप से प्रभावित किया जाना था। रेलवे ने पहले से ही यात्रियों को अलर्ट जारी कर दिया था, ताकि वे वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था कर सकें।
रेलवे ने पहले ही चला दिया था जागरूकता अभियान
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए पहले से ही व्यापक अभियान चलाया था। स्टेशन और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जानकारी दी गई थी, जिससे अधिकांश यात्रियों ने वैकल्पिक व्यवस्था कर ली थी। हालांकि, अचानक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ब्लॉक बड़ी परेशानी बन सकता था।
सोमवार की भीड़ से पहले सामान्य रहेगा परिचालन
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, निर्धारित रखरखाव कार्य फिलहाल टाल दिया गया है और सभी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। इससे सोमवार को सप्ताह के पहले कार्यदिवस पर दफ्तर जाने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी और सामान्य दिनों की तरह ट्रेनों का संचालन जारी रहने की उम्मीद है।