कोलकाता: शामिक भट्टाचार्य ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार आने के बाद राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने चुनाव बाद हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक हिंसा की संस्कृति को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
चुनाव बाद हिंसा पर क्या बोले शमिक भट्टाचार्य?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल समर्थित गुंडों के हाथों तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत हुई है। उन्होंने दावा किया कि बाकी घटनाएं विपक्षी दलों के अंदरूनी विवाद का परिणाम हैं उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद चुनाव बाद हिंसा के मामले “ना के बराबर” रह गए हैं और राज्य में अब लोग अमन-चैन से जीवन जी रहे हैं।
“हिंसा भाजपा की संस्कृति नहीं”
हाईकोर्ट परिसर में Mamata Banerjee को “चोर-चोर” कहे जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा इस तरह के व्यवहार का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि हिंसा और आक्रामक राजनीति भाजपा की संस्कृति का हिस्सा नहीं है, लेकिन वर्तमान हालात के लिए तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी तरह की हिंसा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य में विकास, रोजगार और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह राज्य की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।