न्यूयॉर्क/कोलकाता: प्रतिभा के दम पर दुनिया भर में देश का परचम लहराने वाले भारतीयों की फेहरिस्त में एक और ऐतिहासिक नाम जुड़ गया है। कोलकाता में जन्मे और पले-बढ़े जादवपुर यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र शंख मित्र (Shankha Mitra) ने कमाई के मामले में दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। अमेरिकी बिजनेस अखबार 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' द्वारा जारी दुनिया के सबसे महंगे कप्तानों (Highest-Paid Executives) की ताजा वार्षिक सूची में शंख मित्र को टेक और बिजनेस किंग एलन मस्क के ठीक बाद यानी दूसरा स्थान मिला है।
सालाना पैकेज 7,744 करोड़ रुपये
शंख मित्र वर्तमान में अमेरिका की जानी-मानी और दिग्गज रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट फर्म 'वेलटॉवर' (Welltower) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (CIO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सालाना कमाई: साल 2025 में उनका कुल पारिश्रमिक 821 मिलियन डॉलर रहा।
भारतीय मुद्रा में मूल्य: भारतीय रुपयों में आंका जाए, तो यह सालाना पैकेज लगभग 7,744 करोड़ रुपये बैठता है।
इस सूची में शीर्ष पर काबिज टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क का पैकेज 158.4 बिलियन डॉलर (करीब 14.95 लाख करोड़ रुपये) है।
शेयरों का खेल: 9,500 करोड़ के स्टॉक
कॉर्पोरेट जगत की इस शीर्ष लीग में मिलने वाला यह भारी-भरकम पैकेज केवल कैश (नकद) के रूप में नहीं होता है। शंख मित्र को मिलने वाले पारिश्रमिक का एक बड़ा हिस्सा कंपनी के इक्विटी शेयर्स और स्टॉक्स के रूप में है। वर्तमान में वेलटॉवर कंपनी में उनके पास मौजूद स्टॉक्स की वैल्यू 1 बिलियन डॉलर (करीब 9,500 करोड़ रुपये) को पार कर चुकी है। कंपनी के साथ हुए अनुबंध के मुताबिक, यदि शंख मित्र साल 2031 तक इस पद पर बने रहते हैं, तो इन शेयरों का आधा हिस्सा सीधे उनके मालिकाना हक में आ जाएगा, जबकि बाकी हिस्सा कंपनी के मार्केट परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा।
कोलकाता से कोलंबिया बिजनेस स्कूल तक का सफर
पूरी तरह भारतीय परिवेश में पले-बढ़े शंख मित्र की सफलता की कहानी किसी प्रेरणा से कम नहीं है। कोलकाता में स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय से 'बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग इन इंस्ट्रूमेंटेशन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग' की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग के बाद उच्च शिक्षा के सपने को पूरा करने वह अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने प्रतिष्ठित कोलंबिया बिजनेस स्कूल से एमबीए (MBA) की पढ़ाई पूरी की।
करियर ग्राफ और कामयाबी का शिखर
शंख मित्र ने अपने पेशेवर सफर की शुरुआत मशहूर कंसल्टेंसी फर्म 'प्राइस वॉटरहाउस कूपर्स' (PwC) से की थी। इसके बाद उन्होंने इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में कदम रखा और फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स, सिटाडेल इन्वेस्टमेंट ग्रुप और मिलेनियम मैनेजमेंट जैसी दुनिया की शीर्ष वित्तीय कंपनियों में उच्च पदों पर काम किया।
साल 2016 में वह 'वेलटॉवर' कंपनी में फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट सेक्टर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनकर शामिल हुए। अपनी रणनीतिक सूझबूझ के दम पर उन्होंने तेजी से तरक्की की और 5 अक्टूबर 2020 को उन्हें कंपनी का नया सीईओ नियुक्त कर दिया गया, जिसके बाद वह कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल हो गए। आज वह दुनिया के सबसे सफल बंगाली और दूसरे सबसे महंगे अधिकारी के रूप में वैश्विक पटल पर चमक रहे हैं।