कोलकाता - पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के भीतर हाल के दिनों में कई नेताओं के अलग रुख अपनाने की खबरों ने सियासी माहौल को गर्म कर दिया है। पार्टी नेतृत्व लंबे समय से संगठन को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अंदरूनी असंतोष अब खुलकर सामने आता दिख रहा है। इसी बीच पार्टी के वरिष्ठ सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का साथ देने का वादा करते हुए कहा कि, मैं हमेशा ममता बनर्जी के साथ रहूंगा।
मैं हमेशा ममता बनर्जी के साथ रहूंगा
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेंगे, लेकिन उनका राजनीतिक अनुभव लंबा रहा है और उन्होंने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी पहले उनके बारे में कहा गया, वह संभवतः अच्छी नीयत से ही कहा गया होगा। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए सबसे सही निर्णय ममता बनर्जी के साथ रहना है।
एकला चलो के मंत्र की बात
सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे अपने बयान में कहा कि अगर वे अकेले भी रह जाएं, तब भी वह “एकला चलो” के सिद्धांत के साथ ममता बनर्जी के साथ ही रहेंगे। ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के सीनियर नेता ने इस दौरान यह भी स्पष्ट किया कि, फिलहाल उनका कहीं और जाने का कोई इरादा नहीं है।
TMC के भीतर चल रही हलचल
पिछले कुछ समय से टीएमसी में कई नेताओं के बागी रुख और असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं। इससे पार्टी के भीतर संगठनात्मक चुनौतियां बढ़ गई हैं। हालांकि शत्रुघ्न सिन्हा जैसे वरिष्ठ नेताओं के समर्थन से पार्टी नेतृत्व को कुछ राहत जरूर मिलती दिख रही है। एक ओर जहां टीएमसी में अंदरूनी खींचतान की चर्चा है, वहीं शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के लिए समर्थन का संदेश माना जा रहा है।
वो मेरी बच्ची जैसी हैं - महुआ मोइत्रा
वहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सांसद सयोनी घोष के कथित बागी गुट में शामिल होने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर बहुत बड़ा झटका है। उन्होंने कहा, “वो मेरी बच्ची जैसी है, मेरी बहन जैसी है।” महुआ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सयोनी के चरित्र पर पूरा भरोसा करती हैं और उन्हें “बेवफा” नहीं मानतीं।