पश्चिम बंगाल में पूर्ण मंत्रिमंडल गठन से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। राजरहाट-बिहाला क्षेत्र के विधायक स्वपन दासगुप्ता को शिक्षा विभाग की देखरेख की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह जिम्मेदारी अस्थायी रूप से मंत्रिमंडल गठन पूरा होने तक लागू रहेगी।
विभागीय सचिवों के साथ हुई अहम बैठक
आज विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसी बैठक में स्वपन दासगुप्ता को शिक्षा विभाग की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई, जिससे प्रशासनिक कामकाज को गति देने की कोशिश की जा रही है।
स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की खुद समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं एक दिन शिक्षा विभाग और एक दिन स्वास्थ्य विभाग का दौरा करेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागों की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
मंत्रिमंडल गठन के बाद भी जारी रहेगी जिम्मेदारियों की प्रक्रिया
पिछले शनिवार को मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी ने शपथ ली थी। उनके साथ पांच अन्य भाजपा विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, निशीथ प्रमाणिक, क्षुदिराम टुडू और अशोक कीर्तनिया शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं।