मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी पहली बार विधानसभा पहुंचे, जहां उनका प्रवेश खास अंदाज में देखने को मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ही झुककर विधानसभा परिसर में प्रवेश किया। 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद संसद में प्रवेश किया था, ठीक उसी शैली को दोहराते हुए शुभेंदु अधिकारी ने भी झुककर प्रणाम किया, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।
सबसे पहले ली मुख्यमंत्री ने शपथ
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए शुभेंदु अधिकारी ने सबसे पहले शपथ ग्रहण की। इसके बाद वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू, अग्निमित्रा पाल, मेखलीगंज के विधायक सहित कई अन्य नव-निर्वाचित विधायकों ने शपथ ली। कई विधायकों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ लेकर विविधता की झलक भी पेश की।
शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन
बुधवार को विधानसभा में नव-निर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। सुबह 11:30 बजे से शपथ प्रक्रिया की शुरुआत हुई, जो लगातार दो दिनों तक चलेगी। बुधवार और गुरुवार को कुल 290 विधायक शपथ लेंगे और अपने पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कुल सीटों और चुनाव स्थिति
राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, हालांकि फालता सीट पर पुनः चुनाव हो रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और आम जनता विकास पार्टी के नेता हुमायूं कबीर दो-दो सीटों से विजयी हुए हैं, जिसके चलते कुल 290 विधायकों का शपथ ग्रहण किया जा रहा है।
प्रोटेम स्पीकर ने दिलाई शपथ
सभी नव-निर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर तापस रॉय द्वारा शपथ दिलाई जा रही है। इस दौरान सदन में अनुशासन और गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया।