कोलकाता/नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पहले आधिकारिक दिल्ली दौरे के बाद केंद्र सरकार ने राज्य के लिए बड़े वित्तीय पैकेज को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री बनने के कुछ ही दिनों बाद शुभेंदु अधिकारी ने जल शक्ति मंत्रालय से करीब 39 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाई है।
यह राशि मुख्य रूप से जल जीवन मिशन और नमामि गंगे जैसी योजनाओं के लिए मंजूर की गई है, जिससे राज्य में जल आपूर्ति, गंगा सफाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी 22 मई को दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान बंगाल के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बंगाल के विकास को केंद्र की प्राथमिकताओं में शामिल बताया है।
जल परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार
केंद्र से मिली 39 हजार करोड़ रुपये की मंजूरी से राज्य में ग्रामीण और शहरी जल आपूर्ति योजनाओं को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा नमामि गंगे परियोजना और जल संरक्षण अभियानों को भी तेज किया जाएगा।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई सरकार बनने के बाद केंद्र और राज्य के संबंधों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सीमा सुरक्षा और घुसपैठ पर भी चर्चा
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अधिकारी ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ बांग्लादेश सीमा सुरक्षा, अवैध घुसपैठ और अवैध प्रवासियों की पहचान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठियों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी और सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य और रोजगार योजनाओं पर फोकस
केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेंटर स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने वाली योजनाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही है।बताया गया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा जल्द ही राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।