कोलकाता: कोलकाता में बुधवार को आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं। भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने फरियादियों की बातें सुनीं और संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बेटे के लिवर ट्रांसप्लांट के लिए पिता ने मांगी आर्थिक मदद
जनता दरबार में पहुंचे सुभजीत रॉय ने अपने बेटे के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से सहायता की अपील की। उन्होंने बताया कि उनका बेटा जन्म से गंभीर लिवर बीमारी से जूझ रहा है और डॉक्टरों ने जल्द लिवर ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी है। इलाज का खर्च करीब 18 से 20 लाख रुपये बताया गया है, जिसे जुटाने में परिवार असमर्थ है। सुभजीत ने कहा कि उन्होंने अपनी बचत खर्च कर दी है और कर्ज भी लिया है, लेकिन अब मुख्यमंत्री की मदद ही अंतिम उम्मीद है।
मकान खाली न होने और किराया न मिलने की शिकायत
एक अन्य फरियादी सायंतन जाना ने अपने मकान विवाद का मामला मुख्यमंत्री के सामने रखा। उनका आरोप है कि वर्ष 2018 में किराए पर दिया गया उनका घर अब तक खाली नहीं कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि किरायेदार पिछले चार वर्षों से न तो किराया दे रहा है और न ही मकान छोड़ रहा है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप
सायंतन जाना ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को अदालत में ले जाने की सलाह दी। उनका कहना है कि लंबे समय से न्याय नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर घर खाली कराने में मदद करने की मांग की।
जनता और सरकार के बीच संवाद का माध्यम बन रहा जनता दरबार
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन करते हैं, जहां आम लोग सीधे अपनी समस्याएं उनके सामने रख सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों को जल्द सुनना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज करना है। जनता दरबार में सामाजिक, स्वास्थ्य, प्रशासनिक और कानूनी मामलों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आती हैं।