कोलकाता: पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक फिजां में 'भारत केसरी' डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और उनकी प्रासंगिकता लगातार बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार ने पहले ही उनके जन्मदिन (6 जुलाई) पर सरकारी छुट्टी और उनकी भव्य मूर्ति स्थापित करने की पहल की है। इसी कड़ी में मंगलवार, 23 जून को उनकी पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने डॉ. मुखर्जी की रहस्यमयी मौत को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
केओलातला महाश्मशान में डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने गहराखेड़ व्यक्त करते हुए कहा:"उनकी (श्यामा प्रसाद मुखर्जी) मृत्यु को लेकर एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। असली घटना को हमेशा के लिए पीछे धकेल दिया गया था। इतिहास को जानबूझकर भुला देने की कोशिश की गई है।"
पिछली सरकार की तुलना 'जमात' से की
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य की पिछली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला और उसकी तुलना 'जमात' से कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा:"पिछली सरकार ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पूरी तरह भुला दिया था। लेकिन हमें यह हमेशा याद रखना होगा कि अगर वह न होते, तो हिंदू बंगालियों को अपनी मातृभूमि नहीं मिलती। हमें पाकिस्तान जाना पड़ता। उस कठिन परिस्थिति से उन्होंने ही हमें बचाया था। अब से हम श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राष्ट्रवादी चेतना और उनके आदर्शों को साथ लेकर चलेंगे।"
स्कूलों में मनेगा 'श्यामा प्रसाद पक्ष'
इस मौके पर राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला साझा किया। उन्होंने बताया कि आज यानी 23 जून से लेकर डॉ. मुखर्जी के जन्मदिन 6 जुलाई तक राज्य के हर सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूल में 'श्यामा प्रसाद पक्ष' मनाया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके।
केओलातला में उमड़े बीजेपी के दिग्गज नेता-मंत्री
आज सुबह से ही केओलातला महाश्मशान स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विशाल प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा सरकार के मंत्रियों और नेताओं का तांता लगा रहा।सबसे पहले नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता, उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन, डॉ. हरेकृष्ण बेरा और कौशिक चौधरी समेत कई अन्य नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
केओलातला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी हाजरा मोड़ पहुंचे, जहां युवा भाजपा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में उन्होंने हिस्सा लिया। वहां मुख्यमंत्री को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस कार्यक्रम के मंच से भी सुवेंदु अधिकारी ने देश और विशेषकर बंगाल के गठन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया।