कोलकाता:पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को तारकेश्वर मंदिर में बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका तारकेश्वर मंदिर का पहला दौरा था। इस उन्होंने मंदिर के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए, तो वहीं कोलकाता के धर्मतला (वाई चैनल) में धरना दे रहीं तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा।
'तारकेश्वर से मेरा नाता बहुत पुराना'
कोलकाता से सड़क मार्ग द्वारा तारकेश्वर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंदिर के पास स्थित अतिथि निवास में अपनी पार्टी के विधायकों के साथ एक अहम बैठक की। इसके बाद वे विधायकों को लेकर सीधे मंदिर पहुंचे और भक्तिभाव से पूजा की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा: "तारकेश्वर के साथ मेरा नाता आज का नहीं, बल्कि बहुत पुराना है। भगवान श्रीराम की मूर्ति को सिर पर रखकर मैंने नंगे पैर पूरे तारकेश्वर की परिक्रमा की थी। इसी जुड़ाव के कारण मैं बार-बार यहाँ आता हूँ।" सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि इस बार तारकेश्वर में 'श्रावणी मेला' और भी बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि तारकेश्वर ट्रस्टी बोर्ड की वित्तीय सहायता रोक दी गई थी। उन्होंने मौके पर ही मंत्री अग्निमित्रा पॉल और प्रधान सचिव को फंड फिर से शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के सौंदर्यीकरण पर बात करते हुए कहा कि मंदिर का रंग हमेशा आध्यात्मिक होना चाहिए और वे वैसा ही करवाएंगे।
ममता बनर्जी के धरने पर तीखा तंज
कोलकाता के वाई चैनल पर टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित चुनाव बाद हिंसा के विरोध में धरने पर बैठीं ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए सुवेंदु अधिकारी हंस पड़े। उन्होंने कहा, "क्या दुर्दशा है! वहां 150 लोग भी नहीं जुटे हैं।" मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब 'फलता' (Falta) हो चुकी है। दरअसल, उनका इशारा फलता के पुनर्मतदान की ओर था, जहाँ टीएमसी खिसककर चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
अभिषेक बनर्जी पर भी साधा निशाना
ममता बनर्जी के धरने और पुलिस अनुमति के विवाद पर मचे घमासान के बीच, सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर भी तंज कसा। यह पूछे जाने पर कि अभिषेक बनर्जी लगातार अपनी पार्टी के विधायकों के संपर्क में हैं और उन्हें फोन कर रहे हैं, मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, "मैंने तो सुना था कि वह बीमार हैं और उन्हें सलाइन (Saline) वगैरह चढ़ रहा है।"