पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी रविवार को अपने दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ के चंडीपुर स्थित पैतृक घर पहुंचे। इस दिन चंद्रनाथ रथ का श्राद्ध कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने वहां पहुंचकर दिवंगत सहयोगी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
परिवार को दिया साथ निभाने का भरोसा
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के साथ काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चंद्रनाथ रथ के परिवार की पूरी जिम्मेदारी अब उनकी है और सरकार हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़ी रहेगी। मुख्यमंत्री के इस भावुक दौरे से इलाके में संवेदना का माहौल देखा गया।
6 मई को हुई थी सनसनीखेज हत्या
गौरतलब है कि चुनाव परिणाम आने के महज दो दिन बाद, 6 मई को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें उनके पेट, सीने और सिर में गोलियां लगी थीं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। इस हमले में उनके ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
SIT जांच से खुला डिजिटल ट्रेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि हत्या के बाद आरोपी बाली टोल प्लाजा पर UPI पेमेंट कर फरार हुए थे। इसी डिजिटल ट्रेल के जरिए जांच एजेंसियां उत्तर प्रदेश तक पहुंचीं।
यूपी और बिहार से गिरफ्तार हुए शार्प शूटर
जांच में पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश और बिहार में छिपे हुए थे। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो और बिहार के बक्सर से एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की सुपारी किसने दी थी। बाद में मामले की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) को सौंप दी गई।