कोलकाता: पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के भाई और टॉलीवुड के चर्चित चेहरे स्वरूप विश्वास को लेकर न्यू अलीपुर थाने की पुलिस ने उनके साहापुर कॉलोनी स्थित फ्लैट में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय बल की टीम भी मौके पर तैनात रही और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

स्वरूप विश्वास को साथ लेकर फ्लैट में पहुंची पुलिस
वसूली (तोलाबाजी) मामले में गिरफ्तार स्वरूप विश्वास को साथ लेकर न्यू अलीपुर थाने की पुलिस उनके फ्लैट पर पहुंची। फ्लैट की तीसरी मंजिल स्थित उनके कमरे में विस्तृत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान केंद्रीय बल ने पूरे इलाके की सुरक्षा संभाली ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर जांच तेज
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि तलाशी अभियान से मामले से जुड़े और अहम सबूत मिल सकते हैं।
कई गंभीर आरोपों में गिरफ्तार हुए स्वरूप विश्वास
स्वरूप विश्वास को एक महिला की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। उन पर वसूली, महिलाओं के साथ कथित शीलभंग, धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। न्यू अलीपुर थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद फूटा जनाक्रोश
स्वरूप विश्वास की गिरफ्तारी के बाद न्यू अलीपुर थाने और सुरुचि संघ क्लब के बाहर लोगों का गुस्सा देखने को मिला। टॉलीवुड से जुड़े कई कलाकारों और तकनीशियनों ने भी उनके खिलाफ खुलकर बयान दिए हैं। कई लोगों का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी से उद्योग जगत में राहत का माहौल बना है।
सुरुचि संघ क्लब में भी जांच के दौरान मिले कई तथ्य
विरोध प्रदर्शनों के बीच सुरुचि संघ क्लब भी चर्चा में आ गया। क्लब परिसर में जांच के दौरान सुसज्जित कमरे, आवासीय व्यवस्था और गौशाला जैसी सुविधाओं के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। इन तथ्यों की भी जांच की जा रही है।