कोलकाता: उत्तर कोलकाता के ताला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक खेल मैदान पर कथित अवैध कब्जे और अतिक्रमण के आरोपों को लेकर पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई काशीपुर-बेलगछिया से भाजपा विधायक ऋतेश तिवारी की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।
ध्रुवज्योति बसु समेत अन्य पर लगाए गए आरोप
शिकायत में ध्रुवज्योति बसु (उर्फ शुभो) और अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने ताला प्लाटा दुर्गा पूजा समिति के नाम पर सरकारी खेल मैदान के हिस्से पर अवैध कब्जा किया और उसे सार्वजनिक उपयोग से वंचित कर दिया। शिकायत के अनुसार इससे स्थानीय बच्चों और नागरिकों को मैदान के उपयोग में परेशानी हो रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, अवैध अतिक्रमण और संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं शामिल की गई हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
ताला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।