कोलकाता: लालबाजार में आयोजित पत्रकार वार्ता में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) कुणाल अग्रवाल ने तारातला में निर्माणाधीन गोदाम में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर कई अहम जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया गया है, जो पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
अब तक 11 लोगों की मौत, 5 आरोपी गिरफ्तार
हादसे में अब तक कुल 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेने के लिए अदालत में आवेदन किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की गंभीर स्थिति मौजूद थी।
गोदाम मालिक और सुपरवाइजर की भूमिका संदिग्ध
पुलिस ने गोदाम मालिक शंभुनाथ बेहरा को गिरफ्तार किया है। वहीं बिल्डिंग सुपरवाइजर सैयद मोहम्मद गुलजार का नाम भी जांच में सामने आया है, जो पहले एकबपुर में मारपीट के पुराने मामले में भी आरोपी रह चुका है। इसके अलावा मृतक लेबर सप्लायर असगर हुसैन के खिलाफ पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज थे और वह गुलजार के साथ काम करता था।
निर्माण स्थल पर गंभीर अनियमितताएँ उजागर
जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार का श्रमिक रजिस्टर मेंटेन नहीं किया गया था। पिछले तीन महीनों से कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। काम करने वाले मजदूरों के नाम तक दर्ज नहीं किए गए थे, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि स्थल पर कुल कितने मजदूर काम कर रहे थे।
नगर निगम से मांगी गई जानकारी, जांच तेज
कोलकाता नगर निगम से निर्माण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ मांगी गई हैं। SIT अब सभी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जांच कर रही है ताकि हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके और जिम्मेदारी तय की जा सके।