कोलकाता: कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे, जिसके चलते कई श्रमिक मलबे के नीचे दब गए। राहत और बचाव कार्य जारी है और अब तक 6–7 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी बचाव अभियान में शामिल किया गया है।
ढलाई के दौरान हुआ हादसा, 50-60 मजदूर थे मौजूद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोदाम में ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक पूरी संरचना ढह गई। उस समय वहां करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।
पुलिस, दमकल और NDRF मौके पर, सेना भी शामिल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। बाद में सेना की टीम को भी राहत कार्य में लगाया गया। बचाव दल गैस कटर की मदद से लोहे की बीम काटकर फंसे हुए मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
कई एंबुलेंस तैनात, घायलों का इलाज जारी
घटनास्थल पर कई एंबुलेंस मौजूद हैं और घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने मृतकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्या निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की मांग की जा रही है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार की भारी बारिश के कारण ढांचा कमजोर हो गया होगा, जिससे यह हादसा हुआ।
आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम नंबर जारी
नबन्ना स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम ने इस हादसे को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- 1070
- 8697981070
- 033 22143526
- 033 22535185