कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस को बैंक अकाउंट फ्रीज मामले में फिलहाल राहत नहीं मिली है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई गुरुवार तक स्थगित कर दी है। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से अधिक समय देने का अनुरोध किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
तत्काल सुनवाई की मांग नहीं हुई पूरी
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने अपने फ्रीज बैंक खातों को दोबारा संचालित करने के लिए जल्द सुनवाई की मांग की थी। पार्टी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ के समक्ष तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया था। हालांकि, अदालत ने सभी पक्षों की सुनवाई सुनिश्चित करने के बाद मामले को गुरुवार के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
440 करोड़ रुपये वाले खाते फ्रीज
सूत्रों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस में आंतरिक विवाद के बाद पार्टी के तत्कालीन कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने संबंधित बैंकों को पत्र लिखकर तीन बैंक खातों को फ्रीज करने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि इन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा हैं। फिलहाल खाते फ्रीज रहने के कारण इनमें किसी भी प्रकार का लेन-देन संभव नहीं है।
अब गुरुवार पर टिकी निगाहें
मामले की अगली सुनवाई गुरुवार को होगी। इस दौरान अदालत तय करेगी कि बैंक खातों पर लगी रोक हटाई जाए या नहीं। इस फैसले पर तृणमूल कांग्रेस की वित्तीय गतिविधियों को लेकर अहम असर पड़ सकता है।