कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस द्वारा मंगलवार को रानी रश्मोनी एवेन्यू (एस्प्लेनेड) में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने कार्यक्रम के लिए कोलकाता पुलिस से अनुमति मांगी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक अनुमति मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अनुमति को लेकर बना हुआ है संशय
धरना-प्रदर्शन के लिए TMC की ओर से पुलिस के पास आवेदन किया गया है। हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से अनुमति मिलने या न मिलने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता और राजनीतिक चर्चाएं दोनों बढ़ गई हैं।
भाजपा ने साधा निशाना
धरने को लेकर भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी धरना देना चाहती हैं, तो उन्हें पहले पुलिस से अनुमति लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में अंतिम फैसला पुलिस प्रशासन पर छोड़ देना चाहिए और कानून के अनुसार ही आगे बढ़ना चाहिए।
धरने की तैयारियां जोरों पर
पुलिस अनुमति पर स्थिति स्पष्ट न होने के बावजूद TMC ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। रानी रश्मोनी रोड मंच तैयार किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगी।
कथित हमलों और हिंसा के विरोध में प्रदर्शन
TMC का कहना है कि यह धरना हाल के दिनों में पार्टी नेताओं पर हुए कथित हमलों और चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी समेत कई नेताओं पर हुए कथित हमलों को लेकर तृणमूल लगातार विरोध दर्ज करा रही है।
मंच से होगा अगले आंदोलन का ऐलान
TMC प्रवक्ता कुनाल घोष ने बताया है कि मंगलवार के इस प्रतीकात्मक धरना-प्रदर्शन के मंच से ही पार्टी अपने आगामी राज्यव्यापी आंदोलनों और राजनीतिक कार्यक्रमों की घोषणा करेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विपक्ष और राज्य सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो सकता है।
ट्रैफिक पर पड़ सकता है असर
धरना-प्रदर्शन को देखते हुए एस्प्लेनेड, सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) और रानी रश्मोनी एवेन्यू के आसपास यातायात प्रभावित होने की संभावना है। यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।